
Hotel Fraud:-रायपुर। राजधानी रायपुर के पांच सितारा होटल हयात में एक ऐसे कथित सीरियल ठग की एंट्री हुई, जिस पर देशभर के दर्जनों लग्जरी होटलों को निशाना बनाने के आरोप हैं। तमिलनाडु निवासी 61 वर्षीय भीमसेन जॉन पर आरोप है कि उसने तीन दिन तक होटल में लग्जरी सुविधाओं का आनंद लिया, महंगे भोजन का ऑर्डर दिया, फिर करीब ₹63,755 का होटल बिल चुकाए बिना और करीब ₹1.48 लाख कीमत का किराये का लैपटॉप लेकर फरार हो गया।
मामले में होटल प्रबंधन की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है और अन्य राज्यों की एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Hotel Fraud:-अधिकारी बनकर जीता भरोसा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी 25 जून 2026 को होटल हयात पहुंचा और खुद को एक कारोबारी एवं अधिकारी बताते हुए कमरा नंबर 512 बुक कराया। अगले तीन दिनों तक उसने होटल की प्रीमियम सुविधाओं का उपयोग किया, महंगे भोजन का ऑर्डर दिया और होटल स्टाफ का विश्वास जीत लिया।
इसी दौरान उसने जरूरी ऑफिस कार्य का हवाला देते हुए होटल प्रबंधन से लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। होटल ने अतिथि सुविधा के तहत एक बाहरी एजेंसी से करीब ₹1.48 लाख कीमत का लैपटॉप किराये पर मंगवाकर उसे उपलब्ध करा दिया।

Hotel Fraud:-बिना चेकआउट किए हुआ गायब
27 जून की सुबह आरोपी बिना औपचारिक चेकआउट किए होटल से निकल गया। जब कर्मचारियों ने कमरे की जांच की तो वह खाली मिला। जांच में सामने आया कि आरोपी होटल का ₹63,755 का बिल भी नहीं चुका कर गया और उसे दिया गया लैपटॉप भी साथ ले गया।
होटल प्रबंधन ने आरोपी के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Hotel Fraud:-सिर्फ रायपुर नहीं… कई शहरों में एक जैसा पैटर्न
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि भीमसेन जॉन पर पहले भी मुंबई, दिल्ली, पुणे, हैदराबाद समेत कई बड़े शहरों के फाइव स्टार होटलों में इसी तरह की धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी महंगे कपड़े पहनकर और खुद को अधिकारी या उद्योगपति बताकर होटल में कमरा बुक करता है। कुछ दिनों तक लग्जरी सुविधाओं का इस्तेमाल करने के बाद बिल भुगतान के समय बहाना बनाकर फरार हो जाता है। कई मामलों में वह होटल का मूल्यवान सामान भी अपने साथ ले जाने का आरोपी रहा है।
बताया जा रहा है कि विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों के आधार पर वह अब तक 182 लग्जरी होटलों को निशाना बना चुका है। हालांकि इस संख्या की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है और पुलिस विभिन्न राज्यों से रिकॉर्ड मंगा रही है।
Hotel Fraud:-1997 से शुरू हुआ कथित ठगी का सिलसिला
पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भीमसेन जॉन वर्ष 1997 में एक होटल में वेटर के रूप में काम करता था। वेतन विवाद के बाद उसने कथित तौर पर होटल उद्योग को ही अपना निशाना बनाना शुरू किया।
सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्ष मुंबई में भी उसे एक होटल से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। जेल से रिहा होने के बाद उसके फिर सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
Hotel Fraud:-पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही रायपुर पुलिस
रायपुर पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, अन्य राज्यों में दर्ज मामलों, होटल के सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Hotel Fraud:-डीसीपी ने क्या कहा?
सेंट्रल जोन के डीसीपी उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि होटल प्रबंधन की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले तीन-चार दिनों से होटल में ठहरा हुआ था और स्वयं को अधिकारी बताकर होटल प्रबंधन का विश्वास जीतने में सफल रहा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
