CG News:-तालाब में ‘लाश’ समझकर देखने उमड़ी भीड़, पुलिस ने जैसे ही छुआ… अचानक उठ बैठा युवक, बालोद में मचा हड़कंप

CG News:-छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुण्डरदेही स्थित रामसागर तालाब में सोमवार को ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने मौके पर मौजूद हर व्यक्ति को हैरान कर दिया। तालाब में एक युवक लंबे समय तक निश्चल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया, जिसके बाद लोगों ने उसे मृत समझ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जैसे ही जवान उसे बाहर निकालने के लिए पानी में उतरे, युवक अचानक उठकर बैठ गया। यह नजारा देखकर पुलिसकर्मियों के साथ-साथ वहां मौजूद लोगों के भी होश उड़ गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
CG News:-तालाब में दिखी ‘लाश’, इलाके में फैल गई सनसनी
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत गुण्डरदेही के वार्ड क्रमांक-3 स्थित रामसागर तालाब में एक युवक काफी देर तक पानी में एक ही जगह पड़ा दिखाई दे रहा था। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उसे मृत समझ लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने भी पानी में उतरकर उसकी स्थिति जानने की हिम्मत नहीं की।

CG News:-रेस्क्यू शुरू होते ही बदल गया पूरा मंजर
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सावधानी के साथ युवक को बाहर निकालने के लिए तालाब में उतरी। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, युवक अचानक उठकर बैठ गया। इस अप्रत्याशित घटना को देखकर वहां मौजूद लोग कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए। कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

CG News:-शराब के नशे में था युवक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक की पहचान सूरज ठाकुर, पिता भोला ठाकुर, निवासी गुण्डरदेही के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक शराब के नशे में था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह पानी में कितनी देर से पड़ा था या वास्तव में डूबने की स्थिति में था।

CG News:-पुलिस कर रही जांच
युवक के सुरक्षित मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवक से पूछताछ की है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक तालाब में किस परिस्थिति में पहुंचा और वहां कितनी देर तक रहा।
