छत्तीसगढ़

Crime News:-फिल्मी स्टाइल में दो युवकों का अपहरण: 5 घंटे तक शहर में घुमाकर की बेरहमी से पिटाई, कैश-जेवर-स्कूटी लूटी, 4 नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार

Crime News:-छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई में एक बेहद सनसनीखेज अपहरण और लूट का मामला सामने आया है। बालोद जिले से घूमने आए दो युवकों का कथित तौर पर फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने दोनों युवकों को करीब पांच घंटे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाया, उनके साथ मारपीट की, नकदी, मोबाइल, चांदी के जेवर और स्कूटी लूट ली। इतना ही नहीं, उनके Paytm खाते से जबरन 18,180 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने मामले में दो बालिग और चार नाबालिग समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Crime News:-स्कूटी खराब होते ही शुरू हुई पूरी साजिश

पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र की शिक्षक कॉलोनी निवासी एक युवक अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। दोनों एक बाइक और एक स्कूटी से पहुंचे थे। तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई।

इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने स्कूटी खरीदने की बात कही। जब पीड़ित वाहन के दस्तावेज तुरंत नहीं दिखा सके, तो आरोपियों ने स्कूटी को चोरी की बताते हुए अपने चार अन्य साथियों को बुला लिया और दोनों युवकों को जबरन अपने साथ ले गए।

Crime News:-मारपीट कर लूटे मोबाइल, नकदी और चांदी के जेवर

आरोपी दोनों युवकों को सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उनके पास से—

  • तीन चांदी की अंगूठियां
  • एक चांदी का ब्रेसलेट
  • दो मोबाइल फोन
  • ₹5,000 नकद
  • बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी

लूट ली।

Crime News:-Paytm पिन पूछकर खाते से उड़ाए ₹18,180

मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ितों से Paytm का पिन पूछकर उनके खाते से 18,180 रुपये दूसरे QR कोड पर ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुके और दोनों युवकों को नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक सहित दुर्ग के कई इलाकों में घुमाते रहे।

Crime News:-चाकू दिखाकर बनवाया झूठा कबूलनामे का वीडियो

पुलगांव चौक के पास आरोपियों ने चाकू दिखाकर दोनों युवकों से जबरन एक वीडियो बनवाया, जिसमें उनसे यह कहलवाया गया कि वे चोरी की स्कूटी बेचने आए थे। पुलिस का मानना है कि आरोपी इस वीडियो के जरिए खुद को बचाने और पीड़ितों को डराने की कोशिश कर रहे थे।

Crime News:-4 नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

पीड़ितों की शिकायत के बाद सुपेला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोहेल खान, अरजद और चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया। बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और वारदात में प्रयुक्त अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *