कोरबा

Road Accident:-तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, दो बाइकों को रौंदा; युवक की मौके पर मौत, 3 घायल… गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

Road Accident:-छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो नंबर खदान रोड के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो अलग-अलग बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त दोनों बाइकों पर दो-दो लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि रोहनी गांव निवासी युवक अपने साथी के साथ बाइक से बाजार गया था। वापस लौटते समय दो नंबर खदान रोड के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोनों दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीन अन्य लोग घायल हो गए।

Road Accident:-ट्रेलर छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद ट्रेलर चालक ने मौके से निकलने की कोशिश की। राहगीरों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रेलर को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Road Accident:-मौत के बाद भड़का आक्रोश, सड़क पर चक्काजाम

युवक की मौत से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिसके चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी और सीएसपी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया।

स्थानीय लोग वाहन मालिक को मौके पर बुलाने, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और घायलों के इलाज का खर्च उठाने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस लोगों को समझाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कोशिश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *