Constitution Day:-संविधान दिवस पर PM मोदी का बड़ा संदेश, आरक्षण से लेकर महिला अधिकारों तक उठाए कई सवाल

Constitution Day:- देशभर में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष लेख लिखकर भारतीय संविधान की महत्ता, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार साझा किए। इसके साथ ही उन्होंने आरक्षण और महिला अधिकारों के मुद्दे पर विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री के इस लेख के बाद एक बार फिर आरक्षण और महिला प्रतिनिधित्व को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो सकती है।
READ MORE:- ‘जनदर्शन’ में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुलझाने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मौके पर की पहल
Constitution Day:-OBC आरक्षण को लेकर विपक्ष पर लगाया आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता, विशेष रूप से डॉ. भीमराव आंबेडकर, धर्म के आधार पर आरक्षण देने के खिलाफ थे।
Constitution Day:-महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर निशाना
प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
पीएम मोदी ने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि नारी शक्ति को न्याय और अधिकार दिलाने के सरकार के संकल्प को कोई ताकत नहीं रोक सकती।
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में सीधे तौर पर कांग्रेस का नाम नहीं लिया, हालांकि उनके बयान को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर हमले के रूप में देखा जा रहा है।
Constitution Day:-विपक्ष को बताया ‘अवरोध पक्ष’
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन प्रमुख विपक्षी दल अब विरोध पक्ष की जगह अवरोध पक्ष बनता जा रहा है। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालने को लेकर भी सवाल उठाए।
Constitution Day:-नक्सलवाद के खात्मे को बताया बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद के कारण आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब लोग अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित रहे। उन्होंने इस साल नक्सलवाद के खात्मे का दावा करते हुए कहा कि अब गरीब और आदिवासी समुदाय बिना डर के अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Constitution Day:-पुराने संविधान संशोधनों पर उठाए सवाल
पीएम मोदी ने वर्ष 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन संशोधनों से नागरिकों की स्वतंत्रता और न्यायपालिका की शक्तियां प्रभावित हुईं।
इसके अलावा उन्होंने अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किए जाने पर भी सवाल उठाए।
Constitution Day:-22 भाषाओं में उपलब्ध हुआ संविधान
प्रधानमंत्री ने बताया कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अद्यतन संस्करण आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और भारतीय न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए इन्हें सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में उठाए गए कदम बताया।
Constitution Day:-क्या लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़कर होगी 850?
अप्रैल 2026 में सरकार ने परिसीमन के जरिए लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने और महिला आरक्षण लागू करने से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था।
लोकसभा में इस विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। जरूरी बहुमत से 54 वोट कम होने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका।
वहीं, विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए इसे परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जताई थी। अब नजर इस बात पर है कि सरकार आगामी संसद सत्र में इस विधेयक को दोबारा पेश करती है या नहीं।
प्रधानमंत्री ने अपने लेख के अंत में देशवासियों से संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
