छत्तीसगढ़

Child Marriage Free India:-बाल विवाह की सूचना मिलते ही प्रशासन हुआ सतर्क, समय रहते 2 शादियां रुकवाई

Child Marriage Free India:-अक्षय तृतीया के मौके पर जहां एक ओर शादी-विवाह की धूम रहती है, वहीं कई जगहों पर बाल विवाह के मामले भी सामने आते हैं। इसे रोकने के लिए जिला प्रशासन और बाल संरक्षण विभाग पूरी तरह अलर्ट नजर आया। सतर्कता के चलते दो अलग-अलग स्थानों पर होने वाले नाबालिगों के विवाह को समय रहते रुकवा दिया गया।

पहला मामला पेंड्रा ब्लॉक के सोन बचरवार पंचायत का है। यहां एक नाबालिग लड़के की शादी की तैयारी चल रही थी। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि लड़के की उम्र 18 साल से कम है। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत शादी रुकवा दी।

Child Marriage Free India:-दूसरा मामला गुम्मा टोला गांव का है, जो गौरेला थाना क्षेत्र में आता है। यहां भी एक नाबालिग के विवाह की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेज जांचे, जिसमें लड़के की उम्र कानूनी सीमा से कम पाई गई। इसके बाद इस शादी को भी रोक दिया गया।

दोनों ही मामलों में अधिकारियों ने परिवार वालों को समझाइश दी और बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती न करने का आश्वासन भी लिया गया।

इस कार्रवाई में बाल संरक्षण विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस और प्रशासन की टीम ने मिलकर काम किया। प्रशासन की इस सतर्कता से बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को रोकने का मजबूत संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *