छत्तीसगढ़

Chhattisgarh News:-‘आग का तांडव’! कबाड़ी गोदाम से उठी लपटों ने घेरा हीरो शोरूम, हाईवे बना धुएं का मैदान

Chhattisgarh News:-छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छातामुड़ा बाईपास रोड स्थित एक कबाड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास का पूरा इलाका धुएं के गुबार से ढंक गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रशासन को आसपास के कई शोरूम और दुकानों को तत्काल खाली कराना पड़ा।

सबसे ज्यादा खतरा बगल में स्थित हीरो मोटरसाइकिल शोरूम पर मंडराने लगा, जहां तक आग की लपटें पहुंच गईं। स्थिति बिगड़ती देख शोरूम के अंदर रखी नई बाइकों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोग अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि शुरुआती प्रयास बेअसर साबित हुए।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि आग लगातार फैलती रही, जिसके चलते नगर निगम की गाड़ियां भी कम पड़ गईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए NTPC लारा और Jindal Steel & Power से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड टीमों को बुलाना पड़ा।

Chhattisgarh News:-प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक सिर्फ धुआं ही दिखाई दे रहा था। प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया। वहीं रायगढ़-रायपुर नेशनल हाईवे पर भारी भीड़ जमा होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर पुलिस बल तैनात कर लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया जा रहा है।

फिलहाल दमकल विभाग की कई टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का कबाड़ और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

देखें वीडियो –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *