छत्तीसगढ़

CG News:-खेत जाने की बात कहकर निकली थी युवती, 10 दिन बाद सामने आई चौंकाने वाली खबर

CG News:- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घाटकवाली में मिले क्षत-विक्षत शव की पहचान 22 वर्षीय शिवांगी बघेल के रूप में हुई है। शिवांगी वन मंत्री केदार कश्यप के गृह ग्राम फरसागुड़ा की रहने वाली थी और करीब 10 दिनों से लापता थी। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

CG News:-खेत जाने के बाद से थी लापता

परिजनों के मुताबिक, शिवांगी खेत जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 15 नवंबर की शाम तक उसका मोबाइल फोन चालू था, जिसके बाद फोन बंद हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 18 नवंबर को भानपुरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

CG News:-घाटकवाली में मिला शव

बस्तर थाना क्षेत्र के घाटकवाली में बुधवार को एक युवती का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था। जांच के दौरान शव की पहचान शिवांगी बघेल के रूप में हुई। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

CG News:-परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने शिवांगी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसकी हत्या की होगी। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है। हालांकि, अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

CG News:-मोबाइल कॉल हिस्ट्री खंगाल रही पुलिस

पुलिस युवती की मोबाइल कॉल हिस्ट्री खंगालने के साथ ही उसके परिचितों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

शिवांगी के लापता होने से लेकर उसका शव मिलने तक आखिर क्या हुआ, यह अब पुलिस जांच का अहम विषय है।

CG News:-घर से करीब 40 किलोमीटर दूर कैसे पहुंची शिवांगी?

अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 25 नवंबर को शिवांगी का शव उसके गांव से करीब 40 किलोमीटर दूर अकेशिया प्लांटेशन की झाड़ियों में मिला था। परिजनों ने कपड़ों, जैकेट और चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान की। युवती इतनी दूर कैसे पहुंची, यह भी जांच का महत्वपूर्ण विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *