छत्तीसगढ़

Diwali Milan Samaroh:-दिवाली की खुशियों के बीच CM हाउस में दिखा अलग नजारा, मुख्यमंत्री साय ने खुद बढ़कर की खास मेहमानों से मुलाकात

Diwali Milan Samaroh:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह इस बार खास अंदाज में नजर आया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कलाकारों, पद्मश्री सम्मानित हस्तियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और वरिष्ठजनों के बीच मुख्यमंत्री ने औपचारिकताओं से हटकर आत्मीय संवाद किया। वे खुद एक-एक टेबल पर पहुंचे, मेहमानों का हालचाल जाना और उनके अनुभव सुने। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी को जरूरी बताया।

Diwali Milan Samaroh:-एक-एक टेबल पर पहुंचे मुख्यमंत्री, मेहमानों से की बातचीत

दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने अतिथियों से व्यक्तिगत मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी ली।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता, लोकतंत्र सेनानी, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, स्वास्थ्य, उद्योग तथा श्रमिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है।

Diwali Milan Samaroh:-पद्मश्री कलाकारों से मिले CM साय, बस्तर की कला पर हुई चर्चा

समारोह में छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित सूफी गायक मदन सिंह चौहान से मुलाकात कर संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

उन्होंने पद्मश्री पंडीराम मंडावी से अबूझमाड़ की पारंपरिक काष्ठकला और उसके संरक्षण को लेकर चर्चा की। साथ ही पद्मश्री सम्मानित भारती बंधु से मुलाकात कर संत कबीर की वाणी और भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की जनजातीय कला और संस्कृति छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।

Diwali Milan Samaroh:-लोकतंत्र सेनानियों से सुने आपातकाल के अनुभव

समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोकतंत्र सेनानियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान आपातकाल के समय लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष और उनके अनुभवों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोकतंत्र भारत की सबसे बड़ी ताकत है। लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वालों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

RSS सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल

दीपावली मिलन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों और दशकों से सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही।

इसके अलावा जैन समाज, वैष्णव समाज, छत्तीसगढ़िया सोनार समाज, विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक सद्भाव से है। अलग-अलग समाजों की परंपराएं और जीवन मूल्य प्रदेश की साझा संस्कृति को मजबूत बनाते हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर भी हुई चर्चा

समारोह में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विद्या भारती, भारतीय शिक्षण मंडल, आरोग्य भारती और राष्ट्रीय सेवा भारती सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता जैसे विषयों पर चर्चा की।

वहीं, लघु उद्योग भारती और भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान स्थानीय उद्यमिता, रोजगार सृजन और श्रमिक कल्याण जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के आर्थिक विकास में छोटे उद्योगों, उद्यमियों और श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

Diwali Milan Samaroh:-जनजातीय बच्चों के लिए ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल की सराहना

समारोह में विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल की जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराना है।

मुख्यमंत्री ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर अवसर, मार्गदर्शन और आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की है।

Diwali Milan Samaroh:-विकसित छत्तीसगढ़ के लिए मुख्यमंत्री ने दिया बड़ा संदेश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को भी विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता, सेवा और समर्पण से ही हासिल किया जा सकता है।

समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया और उनके सुख, समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *