Crime News:-100-200 रुपये का परफ्यूम बताया 10 हजार का, धमकी देकर 11 साल के बच्चे से ऐंठे 1.77 लाख; मां-बेटे पर FIR

Crime News:-राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक 11 वर्षीय छात्र को परफ्यूम की कीमत के नाम पर डराया-धमकाया गया और उससे अलग-अलग समय में करीब 1 लाख 77 हजार रुपये ले लिए गए। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग लड़के और उसकी मां के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला शिवानंद नगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, पीड़ित बच्चा पांचवीं कक्षा में पढ़ता है और एक कोचिंग में आरोपी नाबालिग से उसकी पहचान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ने के बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां उसकी मां से भी मुलाकात हुई।
Crime News:-100-200 रुपये के इत्र को बताया 10 हजार का
पुलिस शिकायत के मुताबिक, बच्चे को करीब 100 से 200 रुपये कीमत की परफ्यूम की शीशी को 10 हजार रुपये की बताकर दी गई। इसके बाद कथित तौर पर उससे पैसे देने का दबाव बनाया गया।
बच्चे को धमकाया गया कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो उसके साथ मारपीट की जाएगी और हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे। डर के कारण बच्चा घर में रखी नकदी से पैसे निकालकर देता रहा। आरोप है कि 27 जुलाई से 8 सितंबर के बीच उसने अलग-अलग समय में कुल करीब 1.77 लाख रुपये दे दिए।
Crime News:-कोचिंग संचालिका को हुआ शक, फिर खुला पूरा मामला
बताया गया कि दोनों बच्चों के बीच बढ़ते मेलजोल को देखकर कोचिंग संचालिका को संदेह हुआ। उन्होंने पीड़ित के पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पिता ने बेटे से पूछताछ की तो बच्चे ने घर से पैसे निकालकर देने की पूरी बात बताई।
Crime News:-77 हजार रुपये और मांगने पहुंचा आरोपी
मामला तब और सामने आया जब 11 सितंबर की शाम आरोपी नाबालिग कथित तौर पर फिर पीड़ित के घर पैसे लेने पहुंचा। पूछताछ में उसने एक और परफ्यूम की शीशी के बदले 77 हजार रुपये बकाया होने की बात कही।
इसके बाद पीड़ित के पिता ने आरोपी के परिजनों को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि कुछ लोग मौके पर पहुंचे और धमकाने लगे। इसके बाद पीड़ित के पिता ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Crime News:-पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
शिकायत के आधार पर खमतराई पुलिस ने नाबालिग आरोपी और उसकी मां के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इसमें पैसे के लेन-देन, परफ्यूम की कीमत और आरोपियों की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
