छत्तीसगढ़

CG News:-रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार! 48 घंटे में 4 हाईवा जब्त, 69 लाख से ज्यादा का जुर्माना

CG News:-जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने पिछले 48 घंटों में छापेमारी कर अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 4 भारी वाहनों को जब्त किया है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 239 मामलों में कार्रवाई करते हुए 69.32 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।

खनिज विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अवैध रूप से रेत, गिट्टी सहित अन्य खनिजों का परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित वाहनों को तत्काल जब्त कर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

CG News:-शिकायत मिलते ही कई गांवों में छापेमारी

खनिज विभाग को लगातार अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर के निर्देश पर 12 और 13 जुलाई को विशेष जांच अभियान चलाया गया। उड़नदस्ता दल ने सारंगपुरी, खरेंगा, अमेठी, सरगी-दोनर, पाहंदा समेत आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी। जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन करते मिले 4 बड़े वाहनों को मौके पर ही जब्त कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

CG News:-239 मामलों में 69.32 लाख रुपये की वसूली

खनिज विभाग के अनुसार, 13 जुलाई 2026 तक चालू वित्तीय वर्ष में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े 239 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 69 लाख 32 हजार 683 रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जिसकी राशि शासकीय खनिज मद में जमा कराकर प्रकरणों का निराकरण किया गया है।

CG News:-प्रशासन की चेतावनी

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले की प्राकृतिक संपदा की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, उड़नदस्ता दल पूरे जिले में लगातार निगरानी कर रहा है और आने वाले दिनों में अवैध खनन व परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *