Crime News:-दीवार में सेंध, रातों-रात गायब हुईं 30 बकरियां! कटघोरा में लाखों की अनोखी चोरी से दहशत, पुलिस ने शुरू की जांच

Crime News:-छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र से चोरी की एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। आमतौर पर चोरी की वारदातों में नकदी, जेवर या कीमती सामान निशाना बनते हैं, लेकिन इस बार चोरों ने घर की दीवार में सेंध लगाकर एक-दो नहीं बल्कि करीब 25 से 30 बकरियां चोरी कर लीं। लाखों रुपये की इस अनोखी चोरी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
घटना कटघोरा ब्लॉक के ग्राम सिंधिया की है। पीड़ित रामायण यादव के मुताबिक, उन्होंने रोज की तरह शाम को अपनी बकरियों को घर के अंदर सुरक्षित बांध दिया था। रात में परिवार गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे पहुंचे और दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद एक-एक कर करीब 25 से 30 बकरियों को लेकर फरार हो गए।
Crime News:-सुबह जब परिवार की नींद खुली तो दीवार टूटी हुई मिली और बाड़े से अधिकांश बकरियां गायब थीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में बकरियां चोरी होना किसी संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है। पशुपालकों में इस घटना के बाद डर और नाराजगी का माहौल है।
पीड़ित ने कटघोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। चोरी की गई बकरियों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या किसी वाहन का इस्तेमाल किया गया था।
छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में पिछले कुछ समय से पशु चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे पुलिस संगठित गिरोह की आशंका के पहलू पर भी जांच कर रही है।
