BREAKING

Farsgaon ACB Raid:-नामांतरण के बदले 70 हजार की मांग! फरसगांव तहसील में ACB का ट्रैप, तहसीलदार का रीडर 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Farsgaon ACB Raid:-छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि उसके नामांतरण (Mutation) प्रकरण में पिता और बुआ का नाम दर्ज करने के एवज में तहसीलदार के रीडर ने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और आरोपों की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना तैयार की।

Farsgaon ACB Raid:-पहले ही 35 हजार ले चुका था आरोपी

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता बिसुलाल नेताम पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 35 हजार रुपये दे चुका था। इसमें पहली किश्त 15 हजार रुपये और दूसरी किश्त 20 हजार रुपये की थी। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये ले रहा था, तभी पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि बरामद की गई और मौके पर आवश्यक दस्तावेज भी जब्त किए गए। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


Farsgaon ACB Raid:-भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।


Farsgaon ACB Raid:-DSP चंद्रशेखर ध्रुव ने क्या कहा?

एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पहले पूरे मामले का सत्यापन किया गया। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि फिलहाल जांच में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हालांकि विवेचना जारी है और यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *