राजनीति

CG Politics:-CM हाउस में आज रात ‘महाबैठक’! मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों के बीच सभी मंत्री तलब, बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

CG Politics:-छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों बड़े बदलाव की चर्चाएं जोरों पर हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा आज रात 8:30 बजे सभी मंत्रियों को मुख्यमंत्री निवास में अचानक बैठक के लिए बुलाए जाने से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। आधिकारिक तौर पर इसे विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक बताया जा रहा है, लेकिन बैठक का समय और सभी मंत्रियों की एक साथ मौजूदगी कई सवाल खड़े कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों को केवल बैठक में शामिल होने की सूचना दी गई है, जबकि एजेंडा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है। यही कारण है कि राजनीतिक विश्लेषक और सत्ता से जुड़े लोग इस बैठक को संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल से जोड़कर देख रहे हैं।

CG Politics:-क्या होगा मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड?

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के कामकाज, सरकार की प्रमुख घोषणाओं की प्रगति और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि कुछ विभागों के प्रदर्शन को लेकर फीडबैक भी लिया गया है और इसी आधार पर मंत्रियों के कार्यों का मूल्यांकन किया जा सकता है।

सरकार आगामी महीनों में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की तैयारी में है। ऐसे में मंत्रियों को नए लक्ष्य और समयसीमा भी सौंपी जा सकती है।

CG Politics:-भाजपा संगठन में बदलाव का असर?

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि भाजपा के केंद्रीय संगठन में संभावित बदलावों का असर राज्यों की राजनीति पर भी दिखाई दे सकता है। ऐसे में छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल को लेकर अटकलों का दौर और तेज हो गया है। हालांकि भाजपा संगठन या सरकार की ओर से अब तक किसी भी फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

CG Politics:-मंत्रियों में बढ़ी उत्सुकता

बैठक का एजेंडा गोपनीय रहने से मंत्रियों के बीच भी उत्सुकता और बेचैनी बनी हुई है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री आगामी राजनीतिक रणनीति, प्रशासनिक प्राथमिकताओं और संगठनात्मक समन्वय को लेकर मंत्रियों से सीधा संवाद कर सकते हैं।

फिलहाल सभी की निगाहें आज रात होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं। बैठक के बाद निकलने वाले संकेत छत्तीसगढ़ की राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *