CG News:-69 करोड़ का ओवरब्रिज फिर लेट! डिप्टी CM अरुण साव के गुस्से के बाद ठेकेदार को नोटिस

CG News:-बस्तर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की धीमी प्रगति पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद विभाग ने ओवरब्रिज निर्माण कर रही एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
दरअसल, 6 जून को अपने बस्तर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन के ऊपर बन रहे फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि परियोजना निर्धारित समय-सीमा से काफी पीछे चल रही है। इस पर उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नाराजगी जाहिर की थी।
CG News:-क्या है मामला?
बस्तर जिले के केशलूर क्षेत्र में लगभग 69 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। यह परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि कार्यस्थल उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण एजेंसी द्वारा पर्याप्त मैनपावर, मशीनरी और सामग्री की व्यवस्था नहीं की गई। इसके कारण परियोजना के विभिन्न चरणों में निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं हो सके।
CG News:-विभाग ने क्या कहा?
विभाग के अनुसार, कई बार समीक्षा बैठकों और नोटिसों के माध्यम से निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद प्रगति संतोषजनक नहीं रही। निर्माण कार्य स्वीकृत कार्यक्रम और तय माइलस्टोन से काफी पीछे चल रहा है।
CG News:-डिप्टी CM के निर्देश के बाद कार्रवाई
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निरीक्षण के दौरान परियोजना की बेहद धीमी गति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अनुबंध की शर्तों के तहत तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी कर पर्याप्त मजदूर, मशीनरी और निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
CG News:-कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि आने वाले दिनों में परियोजना की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार नहीं दिखाई देता है, तो अनुबंध की शर्तों के तहत ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
