Mystery Death:-वेनेजुएला से आया ‘खोखला’ शव! भारतीय नाविक के शरीर से गायब मिले दिल, दिमाग, किडनी-लीवर, मौत पर गहराया रहस्य

Mystery Death:-उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी 33 वर्षीय मर्चेंट नेवी नाविक राकेश चौहान की वेनेजुएला में हुई मौत अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का रहस्यमयी मामला बनती जा रही है। भारत लौटे उनके शव की दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का दावा है कि शव से दिमाग, हृदय, फेफड़े, लीवर, किडनी सहित कई प्रमुख आंतरिक अंग गायब थे, जिसके बाद पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है।
राकेश चौहान नवंबर 2025 में एक शिपिंग कंपनी के माध्यम से वेनेजुएला में मालवाहक जहाज पर कार्यरत थे। परिवार के अनुसार, मई 2026 में कंपनी ने पहले जहाज पर गिरकर घायल होने और बाद में मौत की सूचना दी, जबकि कुछ रिपोर्टों में हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया गया। इन विरोधाभासी जानकारियों ने परिवार की शंका और बढ़ा दी।

READ MORE:- महुआ मोइत्रा पर ‘अंडा अटैक’ से मचा सियासी तूफान! BJP समर्थकों पर गंभीर आरोप, DGP और पुलिस पर भी उठाए सवाल
करीब एक महीने बाद जब शव भारत पहुंचा तो जिला प्रशासन के निर्देश पर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में दावा किया गया कि शव में कोई भी प्रमुख आंतरिक अंग मौजूद नहीं था। रिपोर्ट में शरीर पर कई टांकों का भी उल्लेख किया गया है, लेकिन अंगों के अभाव में मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
Mystery Death:-फेडरेशन ऑफ सीफेरर्स यूनियंस ऑफ इंडिया (FSUI) ने आरोप लगाया है कि शव के साथ वेनेजुएला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट या पर्याप्त आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। संगठन ने भारतीय दूतावास और केंद्र सरकार से पूरे मामले की पारदर्शी जांच, वेनेजुएला से पूरी मेडिकल रिपोर्ट मंगाने तथा दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
मृतक की पत्नी और परिवार का कहना है कि उन्हें अब तक यह स्पष्ट नहीं बताया गया कि राकेश की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई। उनका आरोप है कि जब तक सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक इस मामले पर रहस्य बना रहेगा। फिलहाल किसी भी जांच एजेंसी ने अंग तस्करी या किसी आपराधिक साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच की मांग जारी है।
