Political News:-UCC पर छत्तीसगढ़ में सियासी संग्राम: कांग्रेस ने बताया ‘सत्ता बचाने का दांव’, BJP बोली- आदिवासी परंपराओं को नहीं होगा कोई नुकसान

Political News:-छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सियासत तेज हो गई है। राज्य सरकार द्वारा UCC लागू करने की तैयारी शुरू होते ही कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने इसे भाजपा का “सत्ता बचाने का प्रपंच” बताया, जबकि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा नेता केदार गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि UCC लागू होने के बाद भी आदिवासी समाज की परंपराएं पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी।
अमरजीत भगत ने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है और सभी समुदायों पर एक जैसा कानून लागू करना आसान नहीं है। उनका कहना है कि दूर-दराज के आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अभी UCC की पूरी जानकारी भी नहीं है, इसलिए इसका सकारात्मक असर दिखाई नहीं देगा।
READ MORE:- तेल हुआ सस्ता… लेकिन आपकी गाड़ी की टंकी अभी नहीं होगी खुश! जानिए कब घटेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
Political News:-इस पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार ने UCC पर सुझाव लेने के लिए समिति बनाई है, जो सभी वर्गों से चर्चा करेगी। समिति की रिपोर्ट के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर भ्रम फैलाने की कोशिश करती है और UCC से आदिवासी समाज के अधिकारों या परंपराओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
भाजपा नेता केदार गुप्ता ने भी कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराएं पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी। उन्होंने दावा किया कि UCC लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में भी मददगार साबित होगा।
प्रशिक्षण शिविर पर भी हुई जुबानी जंग
अमरजीत भगत ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर कहा कि इससे भाजपा की बेचैनी बढ़ गई है और कांग्रेस संगठन पहले से ज्यादा मजबूत होकर उभरेगा। इसके जवाब में अरुण साव ने कहा कि जनता तय करेगी कि किसका “बीपी” बढ़ा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकार है, इसलिए कांग्रेस ही परेशान नजर आ रही है।
केदार गुप्ता ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि कांग्रेस को अपने राजनीतिक स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए।
खाद-बीज संकट पर भी आरोप-प्रत्यारोप
अमरजीत भगत ने राज्य में खाद, बीज और सिंचाई की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान परेशान हैं और सरकार व्यवस्था संभालने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद की कालाबाजारी हो रही है।
वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसानों के लिए खाद और बीज की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन किसान सच्चाई समझ चुके हैं।
