Nakti Vivad:-नकटी विवाद पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन कल: दीपक बैज के नेतृत्व में लोकभवन तक पैदल मार्च, रायपुर में ट्रैफिक अलर्ट जारी

Nakti Vivad:-नवा रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। विधानसभा के मानसून सत्र के बीच कांग्रेस अब इस मुद्दे को सड़क पर लेकर उतर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में मंगलवार को नकटी गांव से लोकभवन (राजभवन) तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान प्रभावित ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे और राज्यपाल रमेन डेका को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई में न्याय की मांग करेंगे।
कांग्रेस के इस प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष एडवाइजरी भी जारी की गई है।
Nakti Vivad:-शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान दो डीसीपी, दो एसीपी, चार थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। वीआईपी मूवमेंट और प्रदर्शन को देखते हुए तेलीबांधा, श्रीराम मंदिर तिराहा और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
Nakti Vivad:-11 बजे से 4 बजे तक ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक मंगलवार सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर तिराहा से तेलीबांधा थाना तिराहा के बीच यातायात का दबाव अधिक रहेगा। इस दौरान करेंसी टावर से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड पूरी तरह बंद रहेगी। महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मुख्य मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
Nakti Vivad:-सुबह 9 बजे नकटी गांव से शुरू होगी पदयात्रा
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि पदयात्रा सुबह 9 बजे नकटी गांव से शुरू होगी। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में प्रभावित ग्रामीण शामिल होंगे। उनका कहना है कि कांग्रेस ने पहले राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा था, लेकिन समय नहीं मिलने पर अब सीधे पदयात्रा कर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है।
Nakti Vivad:-मानसून सत्र में गरमाया नकटी मुद्दा
नकटी गांव का मामला पहले से ही विधानसभा के मानसून सत्र में गूंज रहा है। कांग्रेस लगातार सदन के भीतर इस मुद्दे पर सरकार को घेर रही है। अब सड़क पर उतरकर पार्टी इस मुद्दे को और बड़ा राजनीतिक रूप देने की तैयारी में है। ऐसे में मंगलवार का प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति में अहम माना जा रहा है।
