Satluj:-OTT से हटी दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’ अब पहुंचेगी गुरुद्वारों तक! 5 राज्यों में कम्युनिटी स्क्रीनिंग से फिर छिड़ी नई बहस

Satluj:-दिलजीत दोसांझ अभिनीत फिल्म ‘सतलुज’ (पूर्व नाम Punjab ’95) को ZEE5 से हटाए जाने के बाद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा। अब देशभर की सिख धार्मिक संस्थाओं ने फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने की नई पहल शुरू की है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और जम्मू सहित पांच राज्यों के कई गुरुद्वारों में फिल्म की कम्युनिटी स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधन समितियां इस पहल के लिए एकजुट हुई हैं। उनका कहना है कि मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और संघर्ष की कहानी लोगों तक पहुंचनी चाहिए, भले ही फिल्म फिलहाल OTT प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध न हो।
Satluj:-10 से 13 जुलाई तक कई जगह होगी स्क्रीनिंग
जम्मू में 10 से 13 जुलाई के बीच चार गुरुद्वारों में फिल्म दिखाई जाएगी, जबकि राजस्थान के जयपुर स्थित चांदी की टकसाल गुरुद्वारे में भी विशेष स्क्रीनिंग की तैयारी है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (DSGMC) ने भी फिल्म को दोबारा ZEE5 पर उपलब्ध कराने की मांग दोहराते हुए इस अभियान का समर्थन किया है।
Satluj:-48 घंटे बाद ही हटा दी गई थी फिल्म
हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 3 जुलाई को ZEE5 पर रिलीज हुई थी, लेकिन रिलीज के करीब 48 घंटे बाद ही भारत में प्लेटफॉर्म से हटा दी गई। सरकारी सूत्रों के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) नियमों के तहत सुरक्षा संबंधी चिंताओं के आधार पर फिल्म को हटाने का निर्देश दिया गया था। मामले की आगे जांच संबंधित समिति द्वारा की जा रही है।
Satluj:-वर्षों तक सेंसर विवाद में फंसी रही फिल्म
मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित इस फिल्म को रिलीज से पहले लंबे समय तक सेंसरशिप विवाद का सामना करना पड़ा। पहले इसका नाम ‘घल्लूघारा’, फिर ‘Punjab ’95’ रखा गया। बाद में CBFC की विभिन्न आपत्तियों और बड़ी संख्या में सुझाए गए बदलावों के कारण इसकी रिलीज वर्षों तक टलती रही। अंततः फिल्म ‘सतलुज’ नाम से OTT पर आई, लेकिन कुछ ही समय बाद भारत में इसे हटा दिया गया।
फिल्म में दिलजीत दोसांझ के अलावा अर्जुन रामपाल, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओल्यान अहम भूमिकाओं में हैं।
