जांजगीर चांपा

Crime News:-कैश नहीं मिला तो कंप्यूटर ही ले भागा चोर! ग्रामीण बैंक में आधी रात सेंध, CCTV में कैद पूरी करतूत

Crime News:-जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में ग्रामीण बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम जर्वे स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में अज्ञात नकाबपोश चोर ने देर रात बैंक का ताला तोड़कर प्रवेश किया और कंप्यूटर सेट सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना बैंक में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

बैंक मैनेजर अजय बौद्ध की शिकायत पर बलौदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे आरोपी बैंक परिसर में पहुंचा। उसने लोहे की रॉड और धारदार औजार की मदद से ताला तोड़ा और चेहरे को गमछे/मंकी कैप से ढंककर बैंक के भीतर दाखिल हुआ। इसके बाद वह कंप्यूटर सेट लेकर मौके से फरार हो गया।

Crime News:-CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सुराग

बैंक में लगे CCTV कैमरों में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। हालांकि उसने अपना चेहरा ढक रखा था, लेकिन पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। आसपास के अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।

Crime News:-डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम भी जांच में

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Crime News:-सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बैंक जैसी संवेदनशील जगह में ताला तोड़कर चोरी की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत की बात यह रही कि इस वारदात में नकदी चोरी होने की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन कंप्यूटर सिस्टम चोरी होने से बैंक के कामकाज पर असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *