Crime News:-विवाद सुलझाने पहुंचे थे, चाकू से हमला: अस्पताल संचालक की गर्दन पर 3 वार; भाजपा नेता समेत 3 गिरफ्तार

Crime News:-छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सिरपुर में आपसी विवाद सुलझाने की कोशिश उस वक्त हिंसक हो गई, जब एक अस्पताल संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास हुए विवाद के दौरान अस्पताल संचालक परमानंद साहू की गर्दन पर लगातार तीन बार चाकू से वार किया गया। उनकी जांघ पर भी चोट पहुंचाई गई। घटना के बाद पुलिस ने सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
Crime News:-अस्पताल स्टाफ को रास्ते में रोकने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना की शुरुआत 6 अक्टूबर की रात अस्पताल स्टाफ राकेश साहू को रास्ते में रोकने को लेकर हुई। बताया गया कि अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने राकेश को रोककर अपने साथ चलने के लिए कहा। राकेश के बाइक पर नहीं बैठने पर दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज हो गई।
इसके बाद राकेश ने फोन कर अस्पताल संचालक परमानंद साहू को मौके पर बुलाया। अस्पताल कर्मचारी टिकेश्वर साहू भी वहां पहुंचा। दोनों पक्षों को समझाइश देकर उस समय मामला शांत करा दिया गया।

Crime News:-भाजपा नेता ने ली विवाद की जानकारी
शिकायत के अनुसार, विवाद की जानकारी मिलने के बाद सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर ने फोन पर मामले की जानकारी ली। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा और राकेश व टिकेश्वर से घटना के बारे में पूछा।
बताया गया कि विवाद खत्म कराने के लिए हरि ध्रुव से माफी मांगने को कहा गया, लेकिन उसने माफी मांगने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामले को सुलझाने के लिए सभी पक्षों को अस्पताल के सामने बुलाया गया।
Crime News:-हॉस्टल के पास हुआ आमना-सामना, अचानक निकला चाकू
रात करीब 9:30 बजे परमानंद साहू, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे। यहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे। शिकायत के मुताबिक, आमना-सामना होते ही दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान आरोप है कि हरि ध्रुव ने धारदार चाकू निकालकर परमानंद साहू पर हमला कर दिया। चाकू से उनकी गर्दन पर लगातार तीन वार किए गए। इसके अलावा जांघ पर भी वार किया गया।
Crime News:-जान बचाकर भागे घायल का पीछा करने का आरोप
चाकू लगने के बाद परमानंद साहू वहां से जान बचाकर भागने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने उनका पीछा किया और धमकी भी दी। इसी दौरान राकेश साहू और टिकेश्वर साहू मौके पर पहुंचे और घायल परमानंद को हमलावरों से बचाकर मोटरसाइकिल से सिरपुर चौकी ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद परमानंद साहू ने तुमगांव थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई।
Crime News:-भाजपा नेता समेत तीन गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेश सिंह ठाकुर, हरि ध्रुव और सुरेश मिरी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में BNS की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
