राजनीति

Congress Protest:-राहुल गांधी की हिरासत से गरमाई सियासत, कांग्रेस का ऐलान- कल हर जिले में होगा बड़ा विरोध प्रदर्शन

Congress Protest:-रायपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी ने घोषणा की है कि बुधवार सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जहां केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया जाएगा।

कांग्रेस का कहना है कि दिल्ली में किया गया प्रदर्शन NEET परीक्षा से जुड़े विवाद, कथित पेपर लीक मामले, संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने को पार्टी ने लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है।

Congress Protest:-प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि तय समय पर जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएं। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। पार्टी का कहना है कि कथित परीक्षा अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इसी क्रम में प्रदेशभर में आयोजित होने वाले प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *