Bilaspur News:-GGU का यू-टर्न: छात्रों के आंदोलन के बाद रद्द हुआ BA-LLB 6th सेमेस्टर का री-एग्जाम

Bilaspur News:-बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) ने छात्रों के तीव्र विरोध के बाद BA-LLB छठवें सेमेस्टर की री-एग्जाम कराने का फैसला वापस ले लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा री-एग्जाम का नोटिफिकेशन रद्द किए जाने के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली है। यह फैसला उस समय आया जब बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन कर री-एग्जाम का विरोध किया था।
री-एग्जाम का निर्णय करीब दो महीने पहले सामने आए कथित प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच के बाद लिया गया था। इस मामले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने 6 जून को अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी थी। रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय ने छठवें सेमेस्टर की परीक्षा निरस्त करते हुए दोबारा परीक्षा कराने का आदेश जारी किया था।
READ MORE:- NEET पेपर लीक केस में बड़ा एक्शन! दिल्ली हाईकोर्ट ने लगाया स्पेशल जज, अब तेज़ होगी दोषियों पर कार्रवाई?
Bilaspur News:-हालांकि, छात्रों का कहना था कि परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय अचानक लिया गया और उन्हें तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। पहले छात्रों ने विभागाध्यक्ष से मुलाकात कर निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी थी कि यदि री-एग्जाम का नोटिफिकेशन वापस नहीं लिया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। लगातार बढ़ते विरोध और छात्रों की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंततः री-एग्जाम का आदेश वापस लेने का फैसला लिया।
इस फैसले के बाद अब छात्रों में राहत का माहौल है। हालांकि, पेपर लीक मामले की जांच और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर विश्वविद्यालय की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
