Chhattisgarh News:-जाल बिछा चुका था शिकारी, वन विभाग ने शिकार से पहले ही कर दिया ‘शिकार’! गुलेल, मिट्टी की गोलियां और 3 जाल बरामद

Chhattisgarh News:-बालोद/डौंडी। जंगल में वन्यजीवों के शिकार की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति को वन विभाग की टीम ने शिकार होने से पहले ही पकड़ लिया। आरोपी जंगल में जाल बिछाकर वन्यजीव के फंसने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही वन विभाग की गश्ती टीम मौके पर पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है।
मामला डौंडी परिक्षेत्र के चिहरो कक्ष क्रमांक-126 आरएफ का बताया जा रहा है। वन विभाग के अनुसार, 15 अगस्त को गश्त के दौरान टीम को अवैध शिकार की गतिविधि की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और ग्राम तेवड़ा (आमाबेड़ा) निवासी सुधु राम आंचला, पिता ऐतवारु राम आंचला को पकड़ लिया।
READ MORE:- बेटे का गुस्सा बना मां की मौत की वजह! शराब को लेकर हुआ विवाद, पीढ़ा से वार कर 50 साल की मां की हत्या
Chhattisgarh News:-जाल में वन्यजीव फंसता, उससे पहले शिकारी फंस गया
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बांस का गुलेल, मिट्टी से बनी गोलियां, एक टंगिया, एक गैती और वन्यजीवों को पकड़ने के लिए तीन जालियां बरामद होने की बात वन विभाग ने कही है। बताया जा रहा है कि जाल जंगल में शिकार के उद्देश्य से बिछाया गया था।
यानी वन्यजीवों के फंसने से पहले ही वन विभाग की टीम ने पूरे शिकार के प्लान पर पानी फेर दिया।
Chhattisgarh News:-कुछ दिनों से चिहरो में रह रहा था आरोपी
वन विभाग के मुताबिक, आरोपी कुछ दिनों से अपने गांव तेवड़ा से चिहरो क्षेत्र में आकर रह रहा था। इसी दौरान जंगल में शिकार की तैयारी किए जाने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई के बाद देर शाम होने के कारण आरोपी को डौंडी पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया, जिसे आज न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया बताई गई है।

Chhattisgarh News:-कई अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई में रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान डौंडी रेंजर जीवन भोंडेकर, दल्लीराजहरा रेंजर संतोष ठाकुर, एसडीओ एमसी डहरे सहित वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग की इस कार्रवाई में सबसे अहम बात यह रही कि कथित शिकारी द्वारा जाल बिछाने के बाद किसी वन्यजीव के फंसने से पहले ही टीम ने उसे पकड़ लिया और शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त कर ली।
