Chhattisgarh Jharkhand Relations:-छत्तीसगढ़-झारखंड मिलकर लिखेंगे विकास की नई इबारत! CM विष्णुदेव साय से मिले झारखंड के वित्त मंत्री, सीमावर्ती इलाकों के विकास पर बनी सहमति

Chhattisgarh Jharkhand Relations:-छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच विकासात्मक सहयोग को नई गति देने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मंत्रालय महानदी भवन में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं ने सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की।
Chhattisgarh Jharkhand Relations:-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड केवल पड़ोसी राज्य ही नहीं, बल्कि दोनों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों की मजबूत विरासत भी रही है। उन्होंने विशेष रूप से जशपुर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां का झारखंड से वर्षों पुराना आत्मीय संबंध दोनों राज्यों के लोगों के बीच विश्वास और भाईचारे को लगातार मजबूत करता रहा है।

बैठक में सीमावर्ती जिलों के विकास, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक अनुभवों के आदान-प्रदान तथा दोनों राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने जैसे अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि दोनों राज्यों के बीच बढ़ता सहयोग विकास के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा और इसका सीधा लाभ सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से विकास योजनाओं का प्रभाव और अधिक व्यापक होगा।
