छत्तीसगढ़

CG News:-रायपुर के विकास की कमान अब डॉ. जय प्रकाश शर्मा के हाथ, RDA में संभाला उपाध्यक्ष का पद, मंत्री ओ.पी. चौधरी बोले- मिलेगी नई रफ्तार

CG News:-रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने सोमवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। रायपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित समारोह में वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ओ.पी. चौधरी ने डॉ. शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायपुर के सुनियोजित और समग्र विकास में RDA की अहम भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्राधिकरण की विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी और शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

CG News:-RDA के अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि चिकित्सा और प्रशासनिक क्षेत्र में डॉ. शर्मा का लंबा अनुभव प्राधिकरण के लिए लाभकारी साबित होगा। उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा और आम लोगों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप RDA की योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायपुर के सुनियोजित विकास, आधुनिक अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाओं और हितग्राही सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश शरण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *