छत्तीसगढ़

CG News:-PWD की कार्यशैली बदलेगी! डिप्टी CM अरुण साव का सख्त संदेश – सुस्ती बर्दाश्त नहीं, लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

लोक निर्माण विभाग पर डिप्टी CM अरुण साव सख्त, बोले- PWD ही राज्य का ‘ग्रोथ इंजन’, समय पर पूरे हों सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्य

CG News:-रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क, पुल और सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि अब विभाग को पुराने ढर्रे से बाहर निकलकर परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य का ‘ग्रोथ इंजन’ है और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में इसकी सबसे अहम भूमिका है।

नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में अरुण साव ने प्रदेशभर में चल रहे और प्रस्तावित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में नियमित निरीक्षण करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने और ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

CG News:-सितंबर-अक्टूबर तक जारी होंगे नए कार्यादेश

बैठक में डिप्टी CM ने निर्देश दिए कि सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर सितंबर-अक्टूबर तक नए कार्यों के कार्यादेश जारी किए जाएं, ताकि बारिश समाप्त होते ही निर्माण कार्य पूरी रफ्तार से शुरू किए जा सकें।

CG News:-लापरवाह ठेकेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई

अरुण साव ने साफ कहा कि जिन ठेकेदारों की प्रगति अनुबंध में तय माइलस्टोन के अनुरूप नहीं होगी, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उनके अनुबंध भी समाप्त किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने समय पर बिल तैयार कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हों।

CG News:-पहुंचविहीन गांवों तक सालभर कनेक्टिविटी पर जोर

समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे गांव, जहां पूरे वर्ष सड़क संपर्क नहीं रहता, वहां सड़क और पुल निर्माण के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार कर शासन को भेजे जाएं। इसके अलावा भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इंजीनियरों की विशेष कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

CG News:-31 अगस्त तक भेजने होंगे नए प्रस्ताव

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों द्वारा अनुशंसित विकास कार्यों के प्रस्तावों को प्राथमिकता देते हुए 31 अगस्त तक नए कार्यों के प्राक्कलन भेजने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण पूर्ण होने के बाद ऑडिटोरियम सहित अन्य भवनों को संबंधित विभागों और नगरीय निकायों को तत्काल हैंडओवर करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *