छत्तीसगढ़

CG News:-साड़ी गुणवत्ता पर सरकार सख्त, शिकायतों के बाद जांच तेज, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर कार्रवाई शुरू, दोषियों पर होगी सख्ती

CG News:-छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को वितरित की गई साड़ियों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।

मंत्री के निर्देश के बाद विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रबंध संचालक को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में वितरित साड़ियों को लेकर कई जिलों से गुणवत्ता में कमी और तय मानकों से हटकर सामग्री मिलने की शिकायतें मिली हैं।

प्रारंभिक जांच में भी कुछ जगहों पर गुणवत्ता में कमी की पुष्टि हुई है, जिसके बाद अब मामले की गहन जांच की जा रही है। विभाग ने बोर्ड को निर्देश दिया है कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम बनाकर साड़ियों की दोबारा जांच कराई जाए।

CG News:-सरकार ने साफ किया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है, तो संबंधित एजेंसियों और सप्लायर्स पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन जगहों पर खराब गुणवत्ता की साड़ियां बांटी गई हैं, वहां उन्हें तुरंत वापस लेकर नई और बेहतर गुणवत्ता की साड़ियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ लोग इस मुद्दे को लेकर भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं, जबकि शासन पारदर्शिता के साथ पूरे मामले पर नजर रखते हुए जरूरी कदम उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *