छत्तीसगढ़

CG News:-पीपल के पेड़ तले खाट पर बैठे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गांव की चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, ग्राम कोसला में “महतारी सदन” और हायर सेकेंडरी स्कूल भवन की घोषणा

CG News:-जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला में उस समय आत्मीय माहौल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai अचानक गांव पहुंचे और बिना किसी औपचारिकता के सीधे ग्रामीणों के बीच चौपाल में जा बैठे। पीपल के पेड़ की छांव तले खाट पर बैठकर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं से खुलकर बातचीत की। मुख्यमंत्री का यह सादगीपूर्ण अंदाज गांव वालों के लिए खास बन गया और लोगों ने उन्हें अपने बीच बेहद सहज रूप में पाया।

सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस चौपाल में मुख्यमंत्री ने गांव की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान नहीं होना पड़े।

CG News:-मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पूछा कि पटवारी गांव में नियमित रूप से आते हैं या नहीं। ग्रामीणों से सकारात्मक जवाब मिलने के बाद उन्होंने पटवारी शत्रुघ्न कुर्रे को किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को सरकारी कामों के लिए भटकना नहीं चाहिए।

चौपाल में महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री से खुलकर चर्चा की। गांव की सावित्री कश्यप ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलती है। वहीं “लखपति दीदी” नीमा तिवारी ने बताया कि बिहान योजना से मिली सहायता से उन्होंने आटा चक्की का व्यवसाय शुरू किया और आज पांच चक्कियां संचालित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा भी की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि ग्राम कोसला में अब तक 474 परिवारों को आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पात्र परिवार अभी छूट गए हैं, उन्हें भी जल्द योजना का लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों की मांगों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने ग्राम कोसला में “महतारी सदन” निर्माण और हायर सेकेंडरी स्कूल भवन बनाने की बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। खासकर महिलाओं और विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया।

CG News:-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है।

इस दौरान वित्त मंत्री O. P. Choudhary, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *