CG News:-अतिक्रमण हटाने पहुंचा प्रशासन, ग्रामीण ने खाया जहर! गांव में बढ़ा तनाव, पक्षपात के आरोपों से घिरा प्रशासन

CG News:-धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। प्रशासन की कार्रवाई से नाराज एक ग्रामीण ने मौके पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम छीपली में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान प्रभावित पक्ष के चम्पा लाल साहू ने कथित तौर पर जहर का सेवन कर लिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
CG News:-पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में कई जगहों पर अतिक्रमण मौजूद है, लेकिन कार्रवाई केवल दो परिवारों के खिलाफ की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि अन्य अतिक्रमणकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि चुनिंदा लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि तहसीलदार देवेंद्र भारद्वाज ने अतिक्रमण से जुड़ी सामग्री को अन्य स्थान पर ले जाने के निर्देश दिए थे, जिससे प्रभावित परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नभ सिंह कोसले के निर्देश पर फिलहाल सामग्री के स्थानांतरण की कार्रवाई रोक दी गई है। गांव में स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
जहर सेवन की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
