
1975 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी थे राकेश मेहता, पुलिस हर पहलू से कर रही मामले की जांच
BreakingNews:- दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी राकेश मेहता की नोएडा स्थित आवास पर मौत हो गई। उनका शव सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसायटी के फ्लैट में फंदे से लटका मिला। पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस और अधिकारियों के अनुसार, कथित नोट में मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का जिक्र किया गया है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस मौत से जुड़े सभी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।
READ MORE:- राहुल गांधी पर वीडी शर्मा का तीखा हमला, बोले- नेता प्रतिपक्ष कर रहे छोटी और ओछी राजनीति
BreakingNews:- संपर्क नहीं होने पर हुई अनहोनी की आशंका
रिपोर्टों के मुताबिक, परिवार के सदस्यों द्वारा कई बार संपर्क करने के बावजूद राकेश मेहता से बात नहीं हो सकी। इसके बाद अनहोनी की आशंका जताई गई। जब परिवार के सदस्य नोएडा स्थित फ्लैट पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर फ्लैट के अंदर प्रवेश किया, जहां राकेश मेहता मृत पाए गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
BreakingNews:- 2007 में बने थे दिल्ली के मुख्य सचिव
राकेश मेहता का प्रशासनिक करियर तीन दशक से अधिक लंबा रहा। उन्होंने दिल्ली सरकार और नगर निगम सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2007 में उन्होंने दिल्ली के मुख्य सचिव का पद संभाला और नवंबर 2010 में सेवानिवृत्त हुए।
उनके कार्यकाल के दौरान दिल्ली में कई प्रशासनिक, नागरिक सुविधाओं, परिवहन और बिजली क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण सुधारों को आगे बढ़ाया गया। वर्ष 2010 में दिल्ली में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भी वे प्रशासनिक नेतृत्व से जुड़े रहे।
BreakingNews:- दिल्ली की परिवहन व्यवस्था में भी रही अहम भूमिका
पूर्व सहयोगियों के अनुसार, राकेश मेहता को दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बदलाव की योजनाओं से भी जोड़ा जाता है। ब्लू लाइन बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाने और लो-फ्लोर बसों को बढ़ावा देने की योजना तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
उनके निधन की खबर के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में शोक व्यक्त किया गया है। मामले में पुलिस की जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं जारी हैं।
