रायपुर

Raipur News:-रायपुर में फिल्मी स्टाइल में डकैती! एक हफ्ते तक की रेकी, चौकीदार को बांधकर लूटा 17 लाख का सामान; 3 गिरफ्तार

Raipur News:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बंद पड़ी इस्पात फैक्ट्री को निशाना बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की और फिर रात के अंधेरे में धावा बोलकर चौकीदार को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद फैक्ट्री के कार्यालय और परिसर से कीमती सामान लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से करीब 17 लाख रुपये कीमत का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन व उपकरण जब्त किए गए हैं। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं।

Raipur News:- हीरापुर की बंद फैक्ट्री में आधी रात को वारदात

मामला रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर इलाके में स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री का है। पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे 7 से 8 आरोपी फैक्ट्री परिसर में घुसे थे। उस दौरान चौकीदार दिलीप कुमार वर्मा ड्यूटी पर तैनात थे। संदिग्ध गतिविधि देखकर उन्होंने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन्हें ही अपने कब्जे में ले लिया।

आरोपियों ने चौकीदार के दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद वे फैक्ट्री के कार्यालय और परिसर में रखे कीमती सामान को समेटने में जुट गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

Raipur News:- एल्युमिनियम से लेकर कॉपर क्वाइल तक ले गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फैक्ट्री से एल्युमिनियम वायर के बंडल, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, दराज में रखी नकदी, अलमारी का लॉक तोड़कर पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल ले गए थे। चोरी किए गए सामान को बाहर ले जाने के लिए आरोपियों ने टाटा एस वाहन का इस्तेमाल किया था।

चौकीदार की शिकायत पर कबीर नगर थाने में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

Raipur News:- CCTV फुटेज से मिला सुराग, तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को सरोना, डीडी नगर निवासी संदीप नेताम के बारे में जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया।

Raipur News:- वारदात से पहले एक सप्ताह तक की थी रेकी

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और वहां होने वाली गतिविधियों पर करीब एक सप्ताह तक नजर रखी थी। इसके बाद पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात आरोपी टाटा एस वाहन और स्कूटी से फैक्ट्री पहुंचे। चौकीदार को बंधक बनाने के बाद उन्होंने कार्यालय और फैक्ट्री में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ किया और वहां से फरार हो गए। मामले में फरार आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के साथ उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Raipur News:- 17 लाख का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल सहित अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस चारपहिया वाहन और स्कूटी भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान और अन्य संपत्ति की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये है। हालांकि, मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

Raipur News:- तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस की जांच में गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, संदीप नेताम पहले चोरी और मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन का नाम नकबजनी के मामले में सामने आया था, जबकि अजीत भारती भी पहले जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। जांच के दौरान वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पूरे गिरोह से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *