छत्तीसगढ़

Rajyotsav 2026:-राज्योत्सव में फिर गूंजेगा आसमान, सारंग और आकाशगंगा दिखाएंगी वायुसेना का शौर्य

नवा रायपुर में 2 नवंबर को होगा खास एयर शो, हेलीकॉप्टरों की एयरोबेटिक्स के साथ पैराशूट जंप भी बनेगा आकर्षण

Rajyotsav 2026:-रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 इस बार सिर्फ सांस्कृतिक रंगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नवा रायपुर का आसमान भी भारतीय वायुसेना के शौर्य और कौशल का गवाह बनेगा। 2 नवंबर को नवा रायपुर में एयर शो आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसमें भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयरोबेटिक प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही ‘आकाशगंगा’ पैराशूट डिस्प्ले टीम के प्रशिक्षित पैराट्रूपर्स भी आसमान से छलांग लगाकर अपना हुनर दिखाएंगे।

Rajyotsav 2026:-आसमान में दिखेगा ‘सारंग’ का रोमांच

भारतीय वायुसेना की सारंग टीम स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव से एयरोबेटिक प्रदर्शन करती है। टीम अपने सटीक फॉर्मेशन, नजदीकी उड़ान और बेहतरीन तालमेल के लिए जानी जाती है। 2026 में भी सारंग टीम अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।

सारंग की खासियत यह है कि आसमान में हेलीकॉप्टर बेहद करीबी फॉर्मेशन में उड़ते हुए अलग-अलग तरह के एयरोबेटिक मूवमेंट करते हैं। टीम का नाम ‘सारंग’ संस्कृत के उस शब्द से जुड़ा है, जिसका अर्थ मोर होता है। टीम के हेलीकॉप्टरों की आकर्षक रंग-सज्जा भी इसी थीम पर आधारित रही है।

Rajyotsav 2026:-‘आकाशगंगा’ टीम की पैराशूट जंप भी होगी खास

एयर शो का दूसरा बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम का प्रदर्शन होगा। प्रशिक्षित पैराट्रूपर्स विमान से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए निर्धारित स्थान पर उतरने का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय वायुसेना के बड़े आयोजनों में सारंग और आकाशगंगा जैसी टीमें दर्शकों के सामने अपनी उड़ान और स्काईडाइविंग क्षमताओं का प्रदर्शन करती रही हैं।

Rajyotsav 2026:-तैयारियों को लेकर प्रशासन ने की बैठक

एयर शो की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भारतीय वायुसेना और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम स्थल की तैयारियों के साथ सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, बैरिकेडिंग और साउंड सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

प्रशासन का अनुमान है कि एयर शो देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं। ऐसे में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

Rajyotsav 2026:-सुरक्षा और ट्रैफिक पर रहेगा फोकस

कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए अलग से व्यवस्था बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 2025 में भी नवा रायपुर में भारतीय वायुसेना का शानदार एयर शो आयोजित हुआ था, जिसमें सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने प्रदर्शन किया था और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे देखा था।

इस बार अगर तय कार्यक्रम के अनुसार सारंग और आकाशगंगा टीमें नवा रायपुर के आसमान में प्रदर्शन करती हैं, तो राज्योत्सव का यह एयर शो दर्शकों के लिए एक और बड़ा आकर्षण बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *