Political News:-राहुल गांधी पर वीडी शर्मा का तीखा हमला, बोले- नेता प्रतिपक्ष कर रहे छोटी और ओछी राजनीति

Political News:-रायपुर। भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय संकुल संयोजक वीडी शर्मा दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे हैं। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
वीडी शर्मा ने बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा राहुल गांधी की उस याचिका को खारिज किए जाने पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणी से जुड़े आपराधिक मानहानि मामले में जारी समन और कार्यवाही को रद्द करने की मांग की थी।
वीडी शर्मा ने कहा कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, नेता का अपना एक व्यक्तित्व और राजनीतिक स्तर होता है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राजनीति में छोटी और ओछी राजनीति करते हैं।
Political News:-बॉम्बे हाईकोर्ट से राहुल गांधी को झटका
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को राहुल गांधी की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने 2019 के मानहानि मामले में मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा जारी समन को चुनौती दी थी। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित “Commander-in-Thief” और अन्य विवादित टिप्पणियों से जुड़ा है।
न्यायमूर्ति एन.आर. बोरकर की एकल पीठ ने राहुल गांधी की याचिका खारिज करते हुए निचली अदालत के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्हें सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए सीमित समय की राहत दी गई है।
Political News:-रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
वीडी शर्मा के रायपुर पहुंचने पर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सत्कार विभाग के प्रदेश संयोजक आकाश विग, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा और भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।
Political News:-सेवा संकल्प अभियान को लेकर अहम बैठक
जानकारी के अनुसार, वीडी शर्मा बुधवार 9 सितंबर को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा में बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। अभियान के तहत संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंवाद और सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियां भी अभियान का हिस्सा हैं।
बैठक में अभियान की विभिन्न टोलियों के साथ आगे की रणनीति और कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। कार्यक्रम के बाद वीडी शर्मा के मध्यप्रदेश रवाना होने का कार्यक्रम बताया गया है।
