राजनीति

Public Examinations Bill:-NEET पेपर लीक पर सरकार का बड़ा दांव! आज संसद में पेश होगा एंटी-पेपर लीक बिल, फास्ट ट्रैक कोर्ट से 3 महीने में होगा फैसला

Public Examinations Bill:-देशभर में NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों के बीच केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पेश करेगी। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इस विधेयक को सदन में प्रस्तुत करेंगे। इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल इस संशोधन विधेयक को मंजूरी दे चुका है।

संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने सभी सांसदों से इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। सरकार का कहना है कि इस कानून का उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक, संगठित नकल और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाना तथा परीक्षा प्रणाली में छात्रों का भरोसा मजबूत करना है।

Public Examinations Bill:-क्या हैं बिल की प्रमुख बातें?

प्रस्तावित संशोधन के तहत पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अपराधों के मामलों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। जांच निर्धारित समयसीमा में पूरी करने, चार्जशीट दाखिल होने के बाद तीन महीने के भीतर ट्रायल पूरा करने तथा दोषियों के खिलाफ पहले से अधिक कड़ी सजा सुनिश्चित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों, सेवा प्रदाताओं और संस्थानों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

Public Examinations Bill:-NEET विवाद के बाद बढ़ा दबाव

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले के बाद देशभर में छात्रों के प्रदर्शन और विपक्ष के हमलों के बीच सरकार पर परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने का दबाव बढ़ा है। विपक्ष संसद में इस मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहा है और सोमवार सुबह विपक्षी दलों की बैठक में आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

Public Examinations Bill:-PM मोदी ने दिए थे सख्त कार्रवाई के संकेत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कहा था कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पेपर लीक रोकने के लिए कानून को और प्रभावी बनाया जाएगा। सरकार की कोशिश इस संशोधन विधेयक को जल्द से जल्द संसद से पारित कराने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *