छत्तीसगढ़

Raipur Nagar Nigam:-₹55 हजार टैक्स वसूली पहुंची तो भड़का युवक! नोटिस चस्पा करने पहुंचे निगम अधिकारी को दी जान से मारने की धमकी

Raipur Nagar Nigam:-रायपुर। राजधानी रायपुर के ब्राम्हणपारा स्थित सोहागा मंदिर क्षेत्र में संपत्ति कर की बकाया राशि का नोटिस चस्पा करने पहुंचे नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आजाद चौक थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर निगम जोन क्रमांक-4 में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक तरुण राय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ब्राम्हणपारा स्थित हनुमान मंदिर के पास रहने वाली लता शर्मा पर ₹55,859 का संपत्ति कर एवं अन्य कर बकाया है। इसी बकाया की वसूली के लिए वे शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे नियमानुसार डिमांड नोटिस देने पहुंचे थे।

Raipur Nagar Nigam:-शिकायत के अनुसार, मौके पर मकान मालिक मौजूद नहीं थीं। वहां मौजूद उनके रिश्तेदार युगान्त शर्मा को नोटिस देने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद निगम कर्मचारी जब छत्तीसगढ़ नगर पालिका निगम अधिनियम, 1956 की धारा 174 के तहत नियमानुसार मकान की दीवार पर नोटिस चस्पा करने लगे, तभी आरोपी ने उन्हें रोक दिया।

आरोप है कि युवक ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए निगम अधिकारी के साथ गाली-गलौज की, झूमाझटकी की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की लिखित शिकायत आजाद चौक थाने में दर्ज कराई गई। शिकायत दर्ज कराने के दौरान नगर निगम उपायुक्त (राजस्व) अंजलि शर्मा और जोन-4 कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी भी मौजूद रहीं।

पुलिस ने आरोपी युगान्त शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *