Raipur News:-खम्हारडीह थाना बना सियासी रणभूमि! FIR पर अड़े कांग्रेसी, दीपक बैज बोले- BJP नेताओं पर भी हो कार्रवाई

Raipur News:-रायपुर। भाजपा के राजीव भवन घेराव के दौरान हुए विवाद के बाद दर्ज एफआईआर को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता खम्हारडीह थाने पहुंचे और थाने के बाहर धरने पर बैठकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई करनी है तो घटना में शामिल भाजपा नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए।
READ MORE:- पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिस जवानों का जाना हाल
Raipur News:-यह पूरा विवाद भाजपा के राजीव भवन घेराव के दौरान हुई झड़प के बाद शुरू हुआ। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इसी मामले में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने केवल विपक्ष को निशाना बनाते हुए एकतरफा कार्रवाई की है। पार्टी ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर वापस लेने और भाजपा नेताओं की भूमिका की भी जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। मामले को लेकर प्रदेश की सियासत और तेज होने के आसार हैं।
