छत्तीसगढ़

CG News:-अब जेल नहीं, नई ज़िंदगी की शुरुआत! छत्तीसगढ़ में खुली ‘ओपन जेल’, कैदी करेंगे नौकरी-व्यवसाय और परिवार के साथ बिताएंगे समय

CG News:-रायपुर/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ सरकार ने जेल सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बेमेतरा जिले के ग्राम पथर्रा में ओपन जेल (खुली जेल) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। जेल विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। लगभग 10.20 हेक्टेयर भूमि में बनी इस खुली जेल में 200 बंदियों को रखने की क्षमता होगी। यहां आजीवन कारावास की सजा काट रहे अच्छे आचरण वाले पात्र बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुमोदन के बाद जारी आदेश के अनुसार यह पहल केवल बंदियों को सजा देने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि उनके सुधार, पुनर्वास और सामाजिक पुनर्स्थापन के उद्देश्य से संचालित की जाएगी। जेल विभाग का मानना है कि खुली जेल व्यवस्था से बंदियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी और रिहाई के बाद उनके दोबारा अपराध की ओर लौटने की संभावना कम होगी।

CG News:-11 साल की सजा पूरी करने वाले बंदियों को मिलेगा अवसर

जेल विभाग के अनुसार शुरुआत में केवल ऐसे बंदियों को यहां रखा जाएगा, जो आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे हैं, जेल में 11 वर्ष या उससे अधिक समय अच्छे आचरण के साथ पूरा कर चुके हैं और जिनके दोबारा गंभीर अपराध करने की आशंका नहीं है। अंतिम चयन डीजी जेल की अध्यक्षता वाली समिति करेगी।

CG News:-खेती, डेयरी से लेकर LED बल्ब निर्माण तक मिलेगा काम

ओपन जेल में बंदियों को सीमित निगरानी में रखा जाएगा। उन्हें जेल की चारदीवारी में बंद रखने के बजाय खेती, गौशाला, डेयरी, सब्जी उत्पादन, मुर्गी पालन, मछली पालन, स्क्रीन प्रिंटिंग, एलईडी बल्ब निर्माण, फैब्रिकेशन, भवन निर्माण, सिलाई, काष्ठ कला, बुनाई, बुक बाइंडिंग, कंप्यूटर संचालन और अन्य कुटीर उद्योगों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

CG News:-बाहर जाकर भी कर सकेंगे काम

इस ओपन जेल की सबसे खास बात यह होगी कि पात्र बंदियों को दिन के समय जेल परिसर से बाहर जाकर जोखिम रहित कार्य या वैध व्यवसाय करने की अनुमति मिलेगी। बेमेतरा-सिमगा मुख्य मार्ग पर आस्था कैफे और ग्रॉसरी शॉप भी संचालित किए जाएंगे, जहां बंदी कार्य कर सकेंगे। वहीं जेल परिसर के एंपोरियम में बंदियों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री भी होगी।

CG News:-परिवार से मिलने की मिलेगी अधिक आजादी

खुली जेल में बंदियों को अपने परिवार से मिलने की सामान्य जेलों की तुलना में अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही बेहतर आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, मनोरंजन और सुरक्षा की आधुनिक व्यवस्था भी उपलब्ध होगी। जेल स्टाफ के लिए अलग आवास और बैरकों का भी निर्माण किया गया है।

CG News:-रिहाई के बाद मिलेगा स्वरोजगार का सहारा

जेल विभाग के अनुसार प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक के साथ हुए समझौते के तहत ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे समाज में सम्मानजनक जीवन जी सकें।

CG News:-क्या होती है ओपन जेल?

ओपन जेल ऐसी सुधारात्मक व्यवस्था है, जहां पात्र और अच्छे आचरण वाले बंदियों को न्यूनतम सुरक्षा निगरानी में रखा जाता है। इसका उद्देश्य उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना, आत्मनिर्भर करना और समाज में दोबारा सम्मानजनक जीवन जीने के लिए तैयार करना होता है। देश के कई राज्यों में यह मॉडल पहले से लागू है और इसे जेल सुधार की प्रभावी व्यवस्था माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *