छत्तीसगढ़

CG Weather Update:-बारिश ने लिया ब्रेक! छत्तीसगढ़ में 2 दिन बढ़ेगी उमस, रायपुर-बिलासपुर बने सबसे गर्म शहर

CG Weather Update:-रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने फिलहाल रफ्तार धीमी कर दी है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई, जिससे मौसम शुष्क बना रहा और उमस व गर्मी का असर बढ़ गया। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 15 और 16 जुलाई तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी। इसके बाद कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 26 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून अभी सक्रिय है और अगले कुछ दिनों में बारिश दोबारा रफ्तार पकड़ सकती है।

CG Weather Update:-रायपुर और बिलासपुर सबसे गर्म

सोमवार को रायपुर और बिलासपुर प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे। दोनों जगहों पर अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

CG Weather Update:-रायपुर का आज का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। शहर का अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम तापमान 27°C के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

CG Weather Update:-क्यों थमी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका (Monsoon Trough) इस समय श्रीगंगानगर, हिसार, मुरादाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, बालुरघाट होते हुए मणिपुर तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तरी बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश कमजोर बनी हुई है, लेकिन 15-16 जुलाई के बाद वर्षा की गतिविधियों में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

IMD की सलाह

जिन क्षेत्रों में बारिश की संभावना है, वहां बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें।

तेज धूप और उमस से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीते रहें।

किसान मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *