देश-विदेश

Vietnam Boat Accident:-मौज-मस्ती का ट्रिप बना मातम! वियतनाम में भारतीय पर्यटकों की स्पीडबोट पलटी, 15 की दर्दनाक मौत, 21 को बचाया गया

Vietnam Boat Accident:-वियतनाम से बेहद दुखद खबर सामने आई है। देश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप (Phu Quoc Island) के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसे के समय नाव में 32 भारतीय पर्यटक और 4 चालक दल के सदस्य, यानी कुल 36 लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खराब मौसम, तेज हवाएं और ऊंची लहरें हादसे की संभावित वजह मानी जा रही हैं। मामले की जांच जारी है।

भारतीय दूतावास ने हनोई में जारी बयान में बताया कि हादसा शनिवार सुबह फु क्वोक द्वीप के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही वियतनाम की नौसेना, कोस्ट गार्ड, बॉर्डर गार्ड और स्थानीय बचाव दल ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई यात्रियों को पास से गुजर रही अन्य नौकाओं की मदद से बाहर निकाला गया, जबकि कुछ लोग पलटी हुई नाव के अंदर फंस गए थे।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हनोई और हो ची मिन्ह सिटी में कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।

Vietnam Boat Accident:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि भारतीय दूतावास के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकांश पर्यटक एक निजी मोबाइल कंपनी के वार्षिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वियतनाम पहुंचे थे।

फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है और वियतनाम प्रशासन हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *