छत्तीसगढ़

CG News:-व्यापारियों के समर्थन में उतरा चेम्बर ऑफ कॉमर्स, वर्गफुट आधारित ट्रेड लाइसेंस शुल्क खत्म करने CM साय को सौंपा ज्ञापन

CG News:-रायपुर। छत्तीसगढ़ के व्यापारियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ नगर पालिका (व्यापार अनुज्ञापन) नियम, 2025 में लागू वर्गफुट (स्क्वायर फीट) आधारित ट्रेड लाइसेंस शुल्क व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए इसके स्थान पर सभी व्यापारियों के लिए लाइसेंसवार फ्लैट शुल्क प्रणाली लागू करने का आग्रह किया। राज्य में व्यापार अनुज्ञापन (ट्रेड लाइसेंस) से जुड़े नए नियम लागू किए गए हैं, जिनके तहत शुल्क व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

CG News:-43 व्यवसायों को मिली राहत, लेकिन नई शुल्क व्यवस्था पर आपत्ति

चेम्बर ने मुख्यमंत्री को बताया कि सरकार द्वारा 43 प्रमुख व्यवसायों को ट्रेड लाइसेंस की अनिवार्यता से मुक्त करने का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे व्यापारिक प्रक्रियाओं में सरलता आएगी, लेकिन नियम-18 के तहत लागू वर्गफुट आधारित वार्षिक पंजीकरण शुल्क व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बनकर उभर रहा है।

चेम्बर के अनुसार नगर निगम क्षेत्रों में ₹6 प्रति वर्गफुट की दर से अधिकतम ₹30 हजार तक वार्षिक शुल्क निर्धारित किए जाने से विशेष रूप से छोटे और मध्यम व्यापारियों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

CG News:-‘व्यापार आसान बने, बोझ नहीं बढ़े’

चेम्बर ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी सरकारी निर्णय का विरोध करना नहीं है, बल्कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यवहारिक और न्यायसंगत समाधान सरकार तक पहुंचाना है। प्रदेशभर से मिले सुझावों और व्यापारियों की समस्याओं का अध्ययन करने के बाद यह मांग पत्र तैयार किया गया है।

CG News:-निरीक्षण और भ्रष्टाचार की आशंका भी जताई

प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि वर्गफुट आधारित शुल्क लागू होने से दुकानों की नाप-जोख के नाम पर निरीक्षण, विवाद और भ्रष्टाचार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों के लिए एक समान लाइसेंसवार फ्लैट शुल्क प्रणाली लागू की जाए, ताकि व्यापार करना आसान हो और अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिले।

उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व्यापारियों की इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश के लाखों व्यापारियों को राहत प्रदान करेंगे।

CG News:-ये रहे मौजूद

इस अवसर पर चेम्बर संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, वाइस चेयरमैन चेतन तारवानी, सलाहकार अमर गिदवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष राजेश पोपटानी, मनीष प्रजापति, जितेन्द्र शादीजा, दिलीप इसरानी, ट्रांसपोर्ट चेम्बर अध्यक्ष हरचरण सिंह साहनी, आलू-प्याज आढ़तिया संघ के अध्यक्ष अजय कुमार अग्रवाल, सदस्य विजय गोयल और गोल्डी सुराना सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *