क्राइम

Crime News:-वेनेजुएला से लौटा भारतीय नाविक का शव बना रहस्य! 22 टांके, 21 अंग गायब… आखिर राकेश चौहान के साथ हुआ क्या?

Crime News:-वेनेजुएला में तैनात भारतीय मर्चेंट नेवी के नाविक राकेश चौहान की मौत अब एक बड़े रहस्य में बदलती जा रही है। उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी 33 वर्षीय राकेश चौहान के शव का भारत में दोबारा पोस्टमॉर्टम होने के बाद ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने परिवार के साथ-साथ समुद्री कर्मचारियों के संगठनों को भी झकझोर दिया है।

परिजनों का दावा है कि राकेश के शव से 21 से अधिक महत्वपूर्ण आंतरिक अंग गायब मिले। इनमें दिमाग, दिल, दोनों फेफड़े, लीवर, किडनी, तिल्ली, अग्न्याशय, पेट, आंतें, थायरॉयड, लैरिंक्स (वॉइस बॉक्स), श्वास नली समेत कई अन्य अंग शामिल बताए गए हैं। पोस्टमॉर्टम के दौरान शव पर 22 बड़े टांके और सिर के पीछे कान से कान तक 21 टांके भी पाए गए। डॉक्टरों ने बताया कि आंतरिक अंग मौजूद नहीं होने के कारण मौत की वास्तविक वजह का पता लगाना संभव नहीं हो सका।

Crime News:-राकेश चौहान ने नवंबर 2025 में मर्चेंट नेवी जॉइन की थी और वेनेजुएला में मरीन फिटर के रूप में कार्यरत थे। परिवार के अनुसार, 7 मई को शिपिंग कंपनी ने फोन कर बताया कि राकेश जहाज पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अगले दिन परिवार को कहा गया कि उनके बचने की संभावना केवल 5 प्रतिशत है और उसी शाम कंपनी ने उनकी मौत की सूचना दे दी। बाद में वेनेजुएला की ओर से मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया, लेकिन विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट परिवार को उपलब्ध नहीं कराई गई।

शव करीब एक महीने बाद भारत पहुंचा। परिवार ने संदेह के आधार पर दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की, जिसके बाद सामने आए निष्कर्षों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। राकेश की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई और उनके शरीर के अंग निकाल लिए गए। उन्होंने शिपिंग कंपनी और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उधर, फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संगठन का कहना है कि शव बिना विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पर्याप्त दस्तावेजों के भारत भेजा गया, जो कई सवाल खड़े करता है। यूनियन ने भारत सरकार और वेनेजुएला स्थित भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप कर पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अंगों के गायब होने की वजह क्या थी। परिवार और यूनियन ने अंगों की तस्करी का आरोप लगाया है, लेकिन इस आरोप की अभी तक किसी सरकारी जांच एजेंसी या आधिकारिक रिपोर्ट से पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की मांग लगातार तेज हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *