Chhattisgarh Politics:-बुलडोजर के बाद अब कलेक्ट्रेट घेराव! रातभर डटे नकटी के ग्रामीण, बोले- ‘ऐसे फ्लैट नहीं, अपना घर चाहिए

Chhattisgarh Politics:-रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के बाद विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार रात भी बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार, ग्रामीण और कांग्रेस नेता रायपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर डटे रहे। रात 8 बजे के बाद भी धरना जारी रहा, जबकि पूरे इलाके में सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने जिन ईडब्ल्यूएस (EWS) फ्लैटों में पुनर्वास की व्यवस्था की है, वे रहने योग्य नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इन मकानों में बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं और कई फ्लैट जर्जर हालत में हैं। उनका कहना है कि बड़े परिवारों को केवल एक कमरा दिया गया है, जिसमें सामान्य जीवन भी मुश्किल है, जबकि पशुपालन करने वाले परिवारों के लिए यह व्यवस्था पूरी तरह अनुपयुक्त है।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि ये फ्लैट रहने लायक हैं तो जनप्रतिनिधि अपने परिवार के साथ इनमें रहकर दिखाएं। कुछ ग्रामीणों ने अभिनेता से विधायक बने अनुज शर्मा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “जो फिल्म में हीरो थे, वे हमारे लिए विलेन बन गए।”
READ MORE:- वेनेजुएला से आया ‘खोखला’ शव! भारतीय नाविक के शरीर से गायब मिले दिल, दिमाग, किडनी-लीवर, मौत पर गहराया रहस्य
Chhattisgarh Politics:-29 जून की कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि 29 जून को प्रशासन ने नकटी गांव में करीब 80 मकानों पर बुलडोजर चलाया था। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाकर प्रभावित परिवारों को सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस आवासों में बसाया जा रहा है। वहीं प्रभावित परिवारों का आरोप है कि कार्रवाई से पहले उन्हें बरसात तक कोई तोड़फोड़ नहीं होने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद मकान गिरा दिए गए।
Chhattisgarh Politics:-कांग्रेस का सरकार पर हमला
इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस लगातार राज्य सरकार पर हमलावर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बुलडोजर कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए प्रभावित परिवारों को बेहतर पुनर्वास, मुआवजा और न्याय देने की मांग की है। कांग्रेस ने जरूरत पड़ने पर इस मामले को अदालत तक ले जाने के भी संकेत दिए हैं।
Chhattisgarh Politics:-भारी पुलिस बल तैनात, बातचीत की उम्मीद
कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि पुनर्वास नीति के तहत सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सम्मानजनक और पर्याप्त पुनर्वास नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Chhattisgarh Politics:-मुख्य बातें
- रात 8 बजे के बाद भी कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन जारी
- प्रभावित परिवारों ने EWS फ्लैटों को रहने योग्य नहीं बताया
- बिजली-पानी और पर्याप्त जगह नहीं होने का आरोप
- कांग्रेस नेताओं ने भी धरने को समर्थन दिया
- कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात
- प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच समाधान अभी बाकी
