CG Health:-डॉक्टरों के विरोध पर स्वास्थ्य मंत्री का पलटवार! बोले- सिर्फ बयान नहीं, छत्तीसगढ़ के मरीजों की भी करें चिंता

CG Health:-रायपुर। छत्तीसगढ़ में दूसरे राज्यों के डॉक्टरों को बिना स्थानीय रजिस्ट्रेशन के प्रैक्टिस की अनुमति देने के प्रस्ताव पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के डॉक्टर इस फैसले का विरोध कर रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने साफ कहा है कि सरकार ने यह फैसला प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को देखते हुए लिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जो डॉक्टर इस मुद्दे पर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें प्रदेश के मरीजों और स्वास्थ्य व्यवस्था की भी चिंता करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वही डॉक्टर छत्तीसगढ़ में प्रैक्टिस कर सकेंगे, जिनका दूसरे राज्य में वैध रजिस्ट्रेशन होगा और वे नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) में पंजीकृत होंगे।
उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था छत्तीसगढ़ में पहली बार लागू नहीं हो रही है। देश के कई अन्य राज्यों में भी इसी तरह की व्यवस्था पहले से लागू है। मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार डॉक्टरों की भर्ती कर रही है, लेकिन पर्याप्त संख्या में डॉक्टर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रोफेसरों के 125 पदों पर भर्ती निकाली गई थी, लेकिन केवल 78 डॉक्टर ही नियुक्ति के लिए मिले।
हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार डॉक्टरों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं करेगी और इस विषय पर जल्द ही चिकित्सकों से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
CG Health:-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में भी हुए शामिल
राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर जिला अस्पताल पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। इसके लिए प्रदेशभर के स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

