CG News:-अब बसों में नहीं चलेगी ‘लुका-छिपी’! 15 दिन में ट्रैकिंग सिस्टम नहीं लगाया तो होगी सख्त कार्रवाई

CG News:-छत्तीसगढ़ में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य की सभी यात्री बसों में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) लगाना और उसे चालू रखना अनिवार्य कर दिया गया है। नियम का पालन नहीं करने वाले बस संचालकों पर मोटरयान अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन सचिव एवं परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश ने नवा रायपुर स्थित परिवहन कार्यालय में बस संचालकों और अधिकृत वेंडरों की बैठक लेकर व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बसों में अभी तक ट्रैकिंग डिवाइस नहीं लगी है, उनमें अगले 15 दिनों के भीतर इसे अनिवार्य रूप से लगाया जाए। वहीं जिन बसों में डिवाइस लगी है लेकिन बंद पड़ी है, उन्हें तुरंत चालू किया जाए।
READ MORE:- खेत बचाने के लिए बिछाया करंट का जाल, मासूम की मौत के बाद किसान को 10 साल की जेल
परिवहन विभाग के अनुसार राजस्थान और तेलंगाना में हुए बड़े सड़क हादसों के बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप यह फैसला लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करना है।

CG News:-नई व्यवस्था के तहत राज्य मुख्यालय के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से बसों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इससे यह पता चल सकेगा कि बस निर्धारित मार्ग पर चल रही है या नहीं और समय पर संचालन हो रहा है या नहीं। यात्रियों को भी ‘संगवारी ऐप’ के माध्यम से बसों की लाइव लोकेशन देखने की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा प्रदेश में स्वचालित नंबर प्लेट पहचान कैमरे और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहनों की तुरंत पहचान कर कार्रवाई की जा सकेगी।
परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि 15 दिन की मोहलत खत्म होने के बाद बिना सक्रिय ट्रैकिंग सिस्टम वाली बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
