क्राइम

Crime News:-11 साल की मासूम की हत्या का आरोपी बोला- “गलत इरादा था, नाकाम रहा तो ले ली जान”, मेडिकल रिपोर्ट ने बढ़ाई नई उलझन

Crime News:-दक्षिण दिल्ली में 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार कैब ड्राइवर बाशु कुमार को लेकर जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि उसने बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने बच्ची की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 22 जून की तड़के छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ पर सो रही बच्ची को आरोपी अपनी कार में बैठाकर ले गया। उसने बच्ची को घुमाने और वापस छोड़ने का झांसा दिया था। इसके बाद वह उसे सुनसान इलाके में ले गया, जहां वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

Crime News:-पत्थरों के नीचे छिपाया शव

जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए बच्ची के शव को पत्थरों के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने बाद में शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Crime News:-CCTV फुटेज से मिला सुराग

शुरुआत में पुलिस के पास केवल पीले नंबर प्लेट वाली गाड़ी की जानकारी थी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

Crime News:-मेडिकल रिपोर्ट से बढ़ी गुत्थी

मामले में एक नया मोड़ तब आया जब आरोपी ने खुद को नपुंसक बताया। पुलिस का दावा है कि मेडिकल जांच में भी ऐसी जानकारी सामने आई है। हालांकि, आरोपी के परिवार ने बताया कि उसके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 4 साल और 6 महीने है। ऐसे में मेडिकल रिपोर्ट और पारिवारिक दावों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Crime News:-बिहार में भी दर्ज हैं केस

पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पिछले पांच वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में रह रहा था और कैब ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था।

Crime News:-कैब कंपनियों पर भी सवाल

दिल्ली पुलिस अब उन कैब कंपनियों से भी जानकारी जुटाएगी, जिनसे आरोपी जुड़ा था। पुलिस यह जांच करेगी कि ड्राइवर की नियुक्ति से पहले बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और सुरक्षा जांच सही तरीके से की गई थी या नहीं।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ अपहरण, हत्या और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *