Crime News:-आधी रात सड़क पर हंगामा: पुलिस की समझाइश पर भड़के युवक, जवानों से बहस का वीडियो वायरल

Crime News:-राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक देर रात पुलिस जवानों के साथ बहस और अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। मामला उस समय का बताया जा रहा है जब पुलिस की पेट्रोलिंग टीम सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
जानकारी के अनुसार 14 और 15 जून 2026 की दरमियानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग के दौरान सहायक उपनिरीक्षक तुलसीराम साहू, आरक्षक जानकी राम चंद्रवंशी और आरक्षक रमेश वर्मा होटल अंब्रोसिया के सामने पहुंचे। यहां सड़क किनारे कुछ युवक देर रात तक खड़े मिले, जिन्हें पुलिस ने घर जाने और अनावश्यक रूप से सड़क पर भीड़ न लगाने की समझाइश दी।
READ MORE:- नदियों के पुनरूद्धार एवं पुनर्जीवित करने संबंधी राज्य स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम इसके बाद अन्य संवेदनशील स्थानों की ओर रवाना हो गई। करीब एक घंटे बाद जब पेट्रोलिंग दल पुनः उसी स्थान पर पहुंचा तो वहां युवकों की संख्या बढ़कर 15 से 20 हो चुकी थी। पुलिस द्वारा दोबारा घर जाने की सलाह दिए जाने पर कुछ युवक नाराज हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ बहस शुरू कर दी।
Crime News:-वायरल वीडियो में भी कुछ युवक पुलिस जवानों से तीखी नोकझोंक करते नजर आ रहे हैं। वहीं पुलिसकर्मी माहौल को शांत रखने और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास करते दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोलिंग टीम द्वारा किसी भी प्रकार की मारपीट नहीं की गई। पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के तहत संबंधित पक्षों का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है ताकि घटना के दौरान शराब सेवन सहित अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि देर रात सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ और नशे की स्थिति अक्सर विवाद की वजह बनती है, ऐसे में पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था शहर की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
देखें वायरल वीडियो –
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
