
Sunita Williams Returns: सुनीता विलियम्स पृथ्वी पर लौट आई हैं। करीब 9 महीने अंतरिक्ष में बिताने के बाद घर वापस आईं सुनीता को जब Dragon कैप्सूल से बाहर निकाला गया तो उनका जज्बा देखते ही बन रहा था।
अपने साथी NASA ऐस्ट्रोनॉट बुच विलमोर के अलावा निक हेग और रूसी कॉस्मोनॉट अलेक्सेंडर गुर्बोनोव के साथ सुनीता भारतीय समय के अनुसार बुधवार, 19 मार्च को सुबह ठीक 3:27 बजे फ्लोरिडा के टलाहैसी में समुद्र पर लैंड हुईं।
धरती के वायुमंडल में एंट्री के बाद Dragon कैप्सूल की रफ्तार को कम करने के लिए पैराशूट खुले और फिर पानी पर लैंडिंग के लिए चार बड़े पैराशूट डिप्लॉय हुए। इनकी मदद से कैप्सूल का आराम से समुद्र के सतह पर स्प्लैशडाउन हुआ।
इसके फौरन बाद रिकवरी टीम्स कैप्सूल के पास पहुंचीं। पहले इसके ईंधन से निकलने वाले धुएं को चेक किया गया। सेफ्टी स्टेटस क्लियर होने के बाद SpaceX के रिकवरी शिप Megan पर कैप्सूल को लाया गया।
विलियम्स ने कुछ दिन पहले प्रेस से बात करते हुए एक सवाल के जवाब में कहा था कि वह धरती पर लौटने के बाद अंतरिक्ष और स्पेस स्टेशन के बारे में सब कुछ मिस करेंगी। सुनीता और उनके साथियों को ह्यूस्टन में NASA के जॉनसन स्पेस सेंटर ले जाया गया।
स्पेस फतह कर लौटीं
हैच खुलने के बाद जब सुनीता को कैप्सूल से बाहर लाया गया तो उनके चेहरे पर सिर्फ मुस्कान थी। उन्होंने हाथ हिलाते हुए कैमरे का अभिवादन किया।
अंतरिक्ष पर 286 दिन बिताते हुए अपने मिशन के दौरान विलियम्स और विलमोर ने 121,347,491 मील का सफर तय किया और धरती के 4,576 चक्कर लगाए।
कैप्सूल की सफल लैंडिंग के बाद NASA के ऐक्टिंग ऐडमिनिस्ट्रेटर जैनेट पेट्रो ने कहा कि सुनी, बुच, निक और अलेक्सेंडर के कई महीनों तक अहम ISS पर साइंस, टेक्नॉलजी डेमॉन्स्ट्रेशन और मेंटेनेंस करने के महीनों बाद वापसी पर बेहद खुश हैं।