
CG Actor Rajesh Awasthi passed away: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ फिल्म अभिनेता एवं भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश अवस्थी का रविवार रात 11:28 बजे गरियाबंद जिला अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे छालीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, संगठन महामंत्री पवन साय, रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित फिल्म और राजनीतिक जगत के दिग्गजों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
बता दें रविवार को वे भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने गरियाबंद पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद वे अपने मित्रों के साथ रुके थे, तभी अचानक सीने में दर्द की शिकायत होने पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
सिनेमा जगत में अमिट छाप
राजेश अवस्थी ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाई थी। ‘टूरा चायवाला’ सहित कई हिट फिल्मों में उनके शानदार अभिनय ने दर्शकों का दिल जीता। उनके योगदान को देखते हुए भाजपा सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम का अध्यक्ष भी नियुक्त किया था।
उनके आकस्मिक निधन से छत्तीसगढ़ के कला, सिनेमा और राजनीति जगत में अपूरणीय क्षति हुई है।