गरियाबंद। CG News : मैनपुर के कुल्हाड़ी घाट भालू डिग्गी जंगल में पिछले 72 घंटे से चल रहे नक्सल विरोधी सर्च अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। STF, कोबरा बटालियन, CRPF और जिला पुलिस बल के जवानों ने 2 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, जिनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।
मारे गए नक्सलियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। इससे पहले मंगलवार को जवानों ने नक्सलियों के साथ हुई सघन मुठभेड़ में 14 नक्सलियों को ढेर कर दिया था। उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार और दैनिक उपयोगी सामान भी बरामद हुआ था।
सभी 14 नक्सलियों के शवों और हथियारों को जिला मुख्यालय लाया गया, जहां पुलिस महानिरीक्षक ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की जानकारी दी। इसके बाद बुधवार देर शाम तक जवानों ने सर्चिंग जारी रखते हुए 2 और वर्दीधारी नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर जिला मुख्यालय पहुंचाया।
वही कल देर रात गरियाबंद पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि अभियान अभी भी जारी है और सुरक्षा बल लगातार इलाके को नक्सल मुक्त करने के लिए प्रयासरत हैं।